:शुकदेव वैष्णव:
महासमुन्द, – 15 सितम्बर 2025 ग्राम बेमचा में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतक की पहचान पिलेश्वर साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम पचेडा, थाना खल्लारी के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उसकी प्रेमिका देवकी बघेल और उसका बेटा सुरेश बघेल को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक पिलेश्वर पिछले पांच वर्षों से देवकी बघेल के साथ रह रहा था। परिजनों को छोड़कर वह अक्सर देवकी के घर आता-जाता था। आए दिन होने वाले विवाद और पारिवारिक मामलों में हस्तक्षेप से परेशान होकर देवकी और उसके बेटे ने 9 सितम्बर की रात उसकी हत्या कर दी।

आरोपियों ने पिलेश्वर को रस्सी से बांधकर चाकू और पेचकस से वार किया, गुप्तांग काट दिया और पहचान छिपाने के लिए चेहरे को विकृत कर शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त चाकू, रस्सी, पेचकस और खून से सने कपड़े जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों पर धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
बताया गया कि देवकी बघेल के खिलाफ पूर्व में भी पति की हत्या का प्रकरण दर्ज हो चुका है।