भिलाई। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी
का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कंटेनर वाहन (क्रमांक NL01-AH-9524) से
3 क्विंटल 88 किलो गांजा बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।
बरामद मादक पदार्थ, नकदी और कंटेनर समेत
कुल 1 करोड़ 53 लाख रुपये का माल जप्त किया गया।

सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टोल प्लाजा कुम्हारी में नाकेबंदी कर कंटेनर को रोका गया।
पूछताछ में चालक उमेश यादव (46) निवासी मधुबनी, बिहार ने बताया कि वह कोलकाता से सामान लेकर गुजरात जा रहा था। रास्ते में देवघर (उड़ीसा) में परिचित राहूल ने उसे 13 बोरियों में भरा गांजा नागपुर पहुंचाने के लिए दिया था। बदले में प्रति बोरी 5000 रुपये देने की बात हुई थी।
पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कंटेनर की तलाशी ली, जिसमें 388 पैकेट (प्रत्येक 1 किलो) गांजा मिला। साथ ही नकद 95 हजार रुपये और अन्य सामान भी जब्त किया गया।

आरोपी उमेश यादव की निशानदेही पर पुलिस टीम नागपुर पहुंची और वहां से मुस्ताक अहमद (34) और फयाज अंसारी (24), निवासी नागपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (B)iiC, 25, 27 (a) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पत्रकार वार्ता के दौरान सीएसपी हेमप्रकाश नायक , क्राइम डीएसपी अजय सिंह, कुम्हारी थाना प्रभारी योगेश वर्मा मौजूद थे l