Balod: पितृ-भोज खाकर 74 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ी

पितृ-भोज खाकर 74 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ी

उल्टी-दस्त से पीडि़त मरीजों में 22 बच्चे, 2 की हालत गंभीर; स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप

बालोद। जिले में पितृ भोज करने के बाद करीब 74 ग्रामीण बीमार हो गए। लोगों को उल्टी-दस्त शुरू हो गई। घटना डौंडी लोहारा ब्लॉक के ग्राम खामभाट की है। गांव में चैन सिंह के घर पितृ भोज का आयोजन किया गया था, जहां 50 परिवार के लोग शामिल हुए थे। भोजन करने के कुछ घंटों बाद लोगों की तबीयत बिगडऩे लगी, जिसमें सबसे ज्यादा बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। गांव में मरीजों की संख्या को देख स्वास्थ्य विभाग ने अस्थाई कैंप लगाया।

2 की हालत की गंभीर, राजनांदगांव रेफर
मरीजों में 22 बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें 2 लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी महेश सूर्यवंशी ने बताया कि जब हमें सूचना मिली तो स्वास्थ्य विभाग ने वहां अस्थाई कैंप लगाया, सभी पीडि़तों का प्राथमिकता से इलाज किया गया। स्थिति अब नियंत्रण में है।
https://aajkijandhara.com/gpm-news-after-hard-work-the-attacking-bear-was-caught/

मरीजों को ऑब्जर्वेशन में रखा गया
अधिकारी ने बताया कि अभी दो से तीन नए मरीज सामने आए हैं और उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। जिन्हें रेफर किया गया था, उनके हालत की भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी मरीजों को ऑब्जर्वेशन रखा गया है।

Related News

पानी की नहीं कराई जांच
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक रूप से दूषित पानी पीने का वजह से घटना हुई है। जिस बोर से लोगों ने पानी पिया था, वहां दो दिन पहले ही मोटर डाला गया था। शायद वहां पानी की जांच नहीं कराई गई। पास में ही एक कुआं भी बना हुआ है, ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि लोगों ने कुएं का पानी भी पिया है।

विधायक भी पहुंचे गांव
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक कुंवर सिंह निषाद गांव पहुंचे, उन्होंने मरीजों से बातचीत की। विधायक ने कहा कि अधिकारियों के साथ हम निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों को उचित देखभाल और व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया है। जिस घर का पानी पीने के बाद लोग बीमार हुए, विधायक ने वहां भी पहुंचे और जायजा लिया।

Related News