acb trap sakti : सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर अपने ही अधीन पदस्थ एक फार्मासिस्ट से उसका वेतन (पे-डेटा) जारी करने और सीएमएचओ कार्यालय भेजने के एवज में इस रकम की मांग कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती जिला अस्पताल में अटैचमेंट पर पदस्थ फार्मासिस्ट (ग्रेड-2) गंगा प्रसाद रत्नाकर की मूल पदस्थापना सीएमएचओ कार्यालय पोरथा में है। फार्मासिस्ट का आरोप था कि प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल उनका मई और जून माह का पे-डेटा आगे नहीं भेज रहे थे। इसके बदले वे फरवरी से जून तक, प्रति माह 20 हजार रुपये के हिसाब से कुल 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग पर अड़े हुए थे। परेशान होकर पीड़ित कर्मचारी ने इसकी शिकायत बिलासपुर एसीबी यूनिट में दर्ज कराई।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप की रणनीति तैयार की। गुरुवार (23 जुलाई) की रात करीब 9 बजे, आरोपी सिविल सर्जन ने प्रार्थी को रिश्वत की रकम लेकर अपने अस्थाई निवास स्थान डभरा के पास स्थित कॉलेज मोड़ पर बुलाया। जैसे ही आरोपी डॉक्टर प्रार्थी की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर 1 लाख रुपये की नगद रिश्वत ली, आसपास पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act 1988) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।