बलौदा बाजार नगरपालिका मनोनीत एल्डरमैनों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

बलौदा बाजार जिले में शासन द्वारा हाल ही में मनोनीत किए गए नगर पालिका परिषद बलौदा बाजार के पांच नए एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अनुविभागीय अधिकारी प्रकाश कोरी ने सभी मनोनीत एल्डरमैनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद शपथ ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया संपन्न हुई।

शासन द्वारा तारा परसवानी, नीलम सोनी, अनामिका अग्रवाल, दिनेश वर्मा और तारा कन्नौजे को नगर पालिका परिषद का एल्डरमैन मनोनीत किया गया है। सभी नव नियुक्त एल्डरमैनों ने नगर पालिका के विकास, जनहित और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लेते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।


इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि नगर पालिका परिषद में अब पहले के 21 पार्षदों के साथ पांच एल्डरमैन जुड़ने से सदस्यों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से परिषद में नए विचार, नई ऊर्जा और विकास को लेकर सकारात्मक सोच का समावेश होगा। इससे नगर के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा और बेहतर निर्णय लिए जा सकेंगे।
मंत्री वर्मा ने नव मनोनीत एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर के समग्र विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा शहरों के विकास को नई दिशा देने की है और सभी जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से बलौदा बाजार नगर के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।


शपथ ग्रहण समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन, उपाध्यक्ष जितेन्द्र महाले सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी, एवं कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी नव नियुक्त एल्डरमैनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *