कोरिया। नगर पालिका शिवपुर-चर्चा क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल के निर्देशन में बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में युद्धस्तर पर सफाई कार्य कराए जा रहे हैं। अभियान के तहत नालियों की सफाई, झाड़-झंखाड़ हटाना, घाट कटिंग, कचरा निष्पादन सहित अन्य आवश्यक स्वच्छता संबंधी कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं।
शनिवार को विशेष अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 2 में पार्षद प्रदीप राजवाड़े तथा वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद प्रदीप तिवारी की उपस्थिति में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मचारियों ने नालियों की गहन सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया, वहीं झाड़-झंखाड़ हटाकर क्षेत्र को साफ-सुथरा किया। इस दौरान पार्षद लाल मोहम्मद भी मौजूद रहे और सफाई कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए सभी वार्डों में नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है, ताकि जलभराव की समस्या न हो और मच्छरों के प्रकोप के साथ संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका कम की जा सके।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी दिनों में नगर के सभी वार्डों में कीटनाशकों का छिड़काव कराया जाएगा, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।
नगर पालिका द्वारा बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से संचालित इस स्वच्छता अभियान की नगरवासियों ने सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था से न केवल नगर की स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से भी काफी राहत मिलेगी। नागरिकों ने इसे नगर के समग्र विकास और बेहतर जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।