भारत सरकार के गृह मंत्रालय के पूर्व अंडर सेक्रेटरी आरवीएस मणि ने एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया है कि पाकिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ी और वहां के प्रतिनिधि जब भी भारत आते थे, तो वे अपने साथ ड्रग्स लाते थे। आरवीएस मणि के अनुसार यह काम पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी की मिलीभगत से होता था।
आरवीएस मणि ने एक पॉडकास्ट में यह सनसनीखेज बात कही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शोएब अख्तर और मोहम्मद आसिफ जैसे खिलाड़ियों के भारत दौरे के समय ड्रग्स की खेप साथ लाई जाती थी। उनका कहना है कि पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की आड़ में ड्रग्स की तस्करी का बड़ा खेल चल रहा था।

आरवीएस मणि केंद्रीय सचिवालय सेवा के अधिकारी रहे हैं। वे साल 2006 से 2010 के बीच गृह मंत्रालय के आंतरिक सुरक्षा विभाग में अंडर सेक्रेटरी के पद पर तैनात थे। वे अब सेवा से रिटायर हो चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान वे आतंकवाद, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के संवेदनशील मामलों को देखते थे। उनकी ओर से लगाए गए इन गंभीर आरोपों के बाद से सुरक्षा और खेल जगत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।