रमेश गुप्ता
भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई की नव-नियुक्त आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह (IAS) ने पदभार ग्रहण करते ही कड़े तेवर दिखा दिए हैं। शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए वे मंगलवार को खुद फील्ड में उतरीं और जोन-1 व जोन-2 के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम और जनसुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि काम में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कचरा प्रबंधन की समीक्षा: स्वच्छता दीदियों से सीधे बात
आयुक्त सुरूचि सिंह ने अपने निरीक्षण की शुरुआत जोन-1 नेहरू नगर स्थित एसएलआरएम (SLRM) सेंटर से की। वहां उन्होंने कचरे के सेग्रीगेशन (पृथक्करण) और प्रोसेसिंग (प्रसंस्करण) की पूरी प्रक्रिया को देखा। आयुक्त ने वहां काम कर रही स्वच्छता दीदियों से सीधे बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली समझी और संसाधनों व समस्याओं की जानकारी लेकर कचरा प्रबंधन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

बारिश के मद्देनजर अलर्ट: कोसा नाला की सफाई पर विशेष जोर
नेहरू नगर के बाद आयुक्त सीधे एम.जे. कॉलेज के पास स्थित कोसा नाला पहुंचीं। मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नाले की सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह दुरुस्त रखने और जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों की नियमित मॉनिटरिंग करने के सख्त निर्देश दिए।
एनिमल वेलफेयर पर फोकस: डॉग हाउस और गोठान का जायजा
जोन-2 के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नवनिर्मित डॉग हाउस का रुख किया। वहां उन्होंने आवारा कुत्तों के सुरक्षित रखरखाव, टीकाकरण (Vaccination) और बंध्याकरण (Sterilization) की व्यवस्थाओं को परखा। इसके बाद वे गोठान पहुंचीं, जहां उन्होंने मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और शेड जैसी आवश्यक सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों को दो टूक: ‘लापरवाही की तो खैर नहीं’
निरीक्षण के समापन पर आयुक्त ने सभी विंग के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शहर की स्वच्छता और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं देना निगम की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को दफ्तरों से निकलकर फील्ड में सक्रिय रहने और जनता की समस्याओं का तुरंत निराकरण करने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान यह रहे उपस्थित: इस औचक निरीक्षण में मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त व जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल व अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता फत्तेलाल साहू व श्वेता माहेश्वर, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली सहित निगम के अन्य आला अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।