अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दान पेटी से हुई चोरी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर विषय पर चर्चा करने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक शुरू हो चुकी है। इस बैठक में ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य शामिल हो रहे हैं।
महंत नृत्य गोपाल दास, चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा बैठक में हिस्सा लेने पहुंच चुके हैं। वहीं, पदेन सदस्य के. पाराशरण, नृपेंद्र मिश्रा और प्रशांत लोखंडे के इस बैठक में ऑनलाइन माध्यम से जुड़ने की संभावना है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आज की बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर निर्णायक चर्चा होगी। माना जा रहा है कि दोनों के इस्तीफे मंजूर किए जा सकते हैं। बैठक में यह भी तय किया जाएगा कि चंपत राय आगे ट्रस्ट के सदस्य के तौर पर बने रहेंगे या नहीं।
चढ़ावा चोरी पर आया महंत का बयान
ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने इस मामले पर पहली बार अपनी बात रखी है। उन्होंने एक पत्र जारी कर कहा कि मंदिर में हुई चोरी की घटना से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पाप में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए और उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
महंत ने आगे कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है। दोषियों को सजा दिलाने में सरकार उचित कदम उठाएगी। उन्होंने यह भी नसीहत दी कि करोड़ों लोगों की आस्था के इस केंद्र पर किसी को भी निजी स्वार्थ के लिए राजनीति नहीं करनी चाहिए।
CBI जांच की मांग वाली याचिका खारिज
इस बीच, इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने एक बड़ा आदेश दिया है। कोर्ट ने मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी यानी CBI से कराने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि इसी मामले से जुड़ी एक याचिका पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, इसलिए इस पर दोबारा सुनवाई की आवश्यकता नहीं है। यह याचिका 12 जून को वकील मोहित अशोक की ओर से दाखिल की गई थी।