पुणे। रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने रविवार सुबह मुख्य आरोपी सिया गोयल को लोहागढ़ किले पर ले जाकर घटनास्थल का सीन रीक्रिएशन कराया। इसी जगह 18 जून को केतन अग्रवाल की मौत हुई थी।
पुलिस ने घटनास्थल पर आरोपी से पूरे घटनाक्रम को दोहराने के लिए कहा। अधिकारियों ने यह समझने की कोशिश की कि घटना के समय कौन कहां मौजूद था और केतन अग्रवाल खाई में कैसे गिरे।
घटनास्थल पर बयानों का मिलान
पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल को उस स्थान पर ले जाया गया, जहां से कथित तौर पर उसने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दिया था।
जांच टीम यह परख रही है कि पूछताछ में आरोपियों ने जो घटनाक्रम बताया है, क्या वह घटनास्थल की परिस्थितियों से मेल खाता है। यह भी देखा जा रहा है कि जिस स्थान का जिक्र किया गया, वहां से किसी को धक्का देना संभव था या नहीं।
शादी नहीं करना चाहती थी युवती
अब तक की जांच में पुलिस का दावा है कि 20 वर्षीय सिया गोयल की सगाई 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल से हुई थी। हालांकि, वह यह शादी नहीं करना चाहती थी।
जांच में सामने आया कि इस दौरान सिया का 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
परिवार की बदनामी के डर से रची साजिश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सिया ने बताया कि यदि वह तय हुई शादी से इनकार करती तो परिवार की बदनामी होती। इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई।
जांच एजेंसी का दावा है कि केतन अग्रवाल को घूमने के बहाने लोहागढ़ किले पर बुलाया गया। वहां मौका मिलते ही उन्हें गहरी खाई में धक्का दे दिया गया।
डिजिटल सबूत भी खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच केवल घटनास्थल तक सीमित नहीं है। पुलिस मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियां, सीसीटीवी फुटेज और घटना से पहले व बाद की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की योजना कब बनाई गई, कैसे बनाई गई और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी।
क्या है पूरा मामला?
18 जून को पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे हादसा माना गया था, लेकिन जांच के दौरान मामला कथित हत्या का निकला।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ किले पर पहुंचे थे, जबकि चेतन चौधरी पहले से वहां मौजूद था। आरोप है कि पहले से बनाई गई योजना के तहत केतन को खाई में धक्का दिया गया।
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस सीन रीक्रिएशन, फॉरेंसिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।