रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई:पकड़े गए 47 नशेड़ी ड्राइवर, कार चालकों की संख्या सबसे ज्यादा

रमेश गुप्ता, रायपुर। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस का ड्रंक एंड ड्राइव अभियान लगातार जारी है। शनिवार रात शहर के अलग-अलग प्रमुख चौकों पर विशेष जांच अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चला रहे 47 वाहन चालकों को पकड़ा गया। इनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

सालभर में 3559 नशेड़ी वाहन चालकों पर कार्रवाई

यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 3559 वाहन चालकों के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

शहर के 9 प्रमुख चौकों पर चली विशेष चेकिंग

पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला और प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सीमा अहिरवार के नेतृत्व में शनिवार रात विशेष जांच अभियान चलाया गया। चेकिंग के लिए शहर के तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भांठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक तथा पंडरी थाना के सामने समेत कुल नौ स्थानों पर पुलिस टीमें तैनात की गई थीं।

कार चालक सबसे ज्यादा पकड़े गए

अभियान के दौरान पकड़े गए 47 वाहन चालकों में 29 कार चालक, 4 मोटरसाइकिल चालक, 1 ई-रिक्शा चालक, 7 टाटा एस चालक और 6 ट्रक चालक शामिल हैं। सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

अभियान रहेगा लगातार जारी

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। शराब के नशे में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन को भी गंभीर खतरे में डालता है।

डीएसपी सतीश ठाकुर की अपील

यातायात डीएसपी सतीश ठाकुर ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ट्रैफिक सिग्नल और पुलिस के निर्देशों का पालन करें तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित और अनुशासित यातायात संस्कृति विकसित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *