उमेश पटेल को मिल सकती है छत्तीसगढ़ कांग्रेस की कमान

कृष्ण कुमार सिकंदर, रायपुर राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के बाद प्रदेश कांग्रेस की सियासत में बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। दौरे के दौरान राहुल गांधी और विधायक उमेश पटेल के बीच हुई लंबी निजी बातचीत ने संगठन में संभावित बदलावों को लेकर अटकलों को हवा दे दी है। माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी के लिए उमेश पटेल के नाम पर विचार कर सकता है।


बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने कार्यक्रम के दौरान वॉशरुम के पास उमेश पटेल से काफी देर तक अकेले में बातचीत की। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज कुछ दूरी पर मौजूद रहे। हालांकि इस मुलाकात में क्या चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसके बाद कांग्रेस के अंदर नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई हैं।


उमेश पटेल के नाम को लेकर पार्टी में कई समीकरण उनके पक्ष में बताए जा रहे हैं। वे युवा नेता हैं और लंबे समय से संगठन व विधानसभा की राजनीति में सक्रिय हैं। साथ ही वे झीरम कांड में मारे गए कांग्रेस नेता नंदकुमार पटेल के पुत्र हैं, जिससे उनका पार्टी के पुराने नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत भावनात्मक जुड़ाव माना जाता है। इसके अलावा उमेश पटेल को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी भी माना जाता है।


छत्तीसगढ़ कांग्रेस में लंबे समय से अलग-अलग राजनीतिक समीकरण नजर आते रहे हैं। एक ओर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रभाव है, वहीं दूसरी ओर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के अपने-अपने समर्थक माने जाते हैं। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी के भीतर संतुलन साधने की चुनौती भी कांग्रेस नेतृत्व के सामने है।


हाल ही में टीएस सिंहदेव ने संकेत दिए थे कि मौका मिलने पर वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में नई चर्चा शुरू हुई थी। वहीं दीपक बैज ने सिंहदेव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें केंद्र की राजनीति में जाने की सलाह दी थी। भूपेश बघेल ने इस पूरे मामले में फैसला हाईकमान पर छोड़ने की बात कही थी। इसे संगठन में अंतिम निर्णय कांग्रेस नेतृत्व के हाथ में होने के संकेत के रूप में देखा गया। अब राहुल गांधी और उमेश पटेल की मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि पार्टी युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति पर विचार कर सकती है।


हालांकि उमेश पटेल को पीसीसी अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राहुल गांधी से उनकी अकेले में हुई बातचीत और प्रदेश कांग्रेस के मौजूदा समीकरणों के बीच उमेश पटेल का नाम प्रदेश संगठन की नई जिम्मेदारी के संभावित दावेदारों में तेजी से उभर रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *