रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: कोयला लदे ट्रक और सवारी गाड़ी में आमने-सामने की भिड़ंत, बैंड पार्टी के 7 कलाकारों की दर्दनाक मौत

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रामगढ़-बोकारो मार्ग पर रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास गुरुवार देर रात एक कोयला लदे अनियंत्रित ट्रक और सवारी गाड़ी के बीच भीषण टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही सात लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। सभी मृतक एक बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य थे, जो एक शादी समारोह से अपना कार्यक्रम निपटाकर घर लौट रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे के आसपास हुआ। मरांगमर्चा गांव के रहने वाले बैंड पार्टी के कलाकार एक सवारी वाहन में सवार होकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने उनके वाहन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सवारी गाड़ी के परखच्चे उड़ जाने के कारण लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

रजरप्पा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में जीवित बचे एकमात्र घायल शख्स की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मरांगमर्चा गांव और आसपास के पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *