QS Ranking 2027 में IIT Delhi का जलवा, भारत की सबसे ऊंची रैंक वाली यूनिवर्सिटी बनी

नई दिल्ली। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान IIT Delhi ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। QS World University Ranking 2027 में संस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 118वीं वैश्विक रैंक हासिल की है। इसके साथ ही IIT Delhi भारत की सबसे ऊंची रैंक वाली यूनिवर्सिटी बन गई है।

पिछले साल संस्थान 123वें स्थान पर था। इस बार पांच स्थान की छलांग लगाकर उसने नया रिकॉर्ड बनाया है। खास बात यह है कि 118वीं रैंक किसी भारतीय संस्थान द्वारा हासिल की गई अब तक की सर्वश्रेष्ठ वैश्विक रैंकिंग की बराबरी भी है।

लगातार बेहतर हो रही है IIT Delhi की स्थिति

पिछले कुछ वर्षों में IIT Delhi ने रैंकिंग में लगातार सुधार दर्ज किया है। QS World University Ranking 2024 में संस्थान 197वें स्थान पर था। इसके बाद हर साल उसकी स्थिति मजबूत होती गई और अब वह दुनिया के शीर्ष 120 संस्थानों में शामिल हो गया है।

IIT Delhi के डीन और प्लानिंग एंड रैंकिंग सेल के प्रमुख प्रोफेसर सोमनाथ बैद्य रॉय ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य विश्वस्तरीय और किफायती शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि नए पाठ्यक्रम, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बढ़ते अंतरराष्ट्रीय सहयोग का सकारात्मक असर रैंकिंग में भी दिखाई दे रहा है।

भारत का बढ़ा वैश्विक प्रतिनिधित्व

QS World University Ranking 2027 में भारत के 52 विश्वविद्यालयों और संस्थानों को जगह मिली है। इसके साथ भारत दुनिया का पांचवां सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाला Higher Education System बन गया है।

भारतीय संस्थानों में IIT Delhi के बाद IIT Bombay को 134वीं, IIT Madras को 170वीं, IIT Kharagpur को 205वीं और IIT Kanpur को 221वीं रैंक मिली है।

DU, JNU और Jamia ने भी सुधारी अपनी स्थिति

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने 322वीं वैश्विक रैंक हासिल की है, जो पिछले वर्ष से बेहतर है। वहीं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) 555वें स्थान पर पहुंच गया है। Jamia Millia Islamia ने भी शानदार सुधार करते हुए 686वीं रैंक हासिल की है।

रैंकिंग रिपोर्ट के अनुसार BITS Pilani, VIT, Chandigarh University और Shoolini University समेत 18 भारतीय संस्थानों ने अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग दर्ज की है। यह भारतीय उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *