समस्तीपुर। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी के घर से एक और धमाकेदार खबर सामने आ रही है। वैभव के बाद अब उनके सबसे छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी क्रिकेट के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। महज 10 साल की उम्र में आशीर्वाद ने समस्तीपुर में खेले गए एक लोकल प्रैक्टिस मैच में तूफानी शतक ठोक दिया है। इस पारी के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनकी बल्लेबाजी के वीडियो और स्कोरकार्ड तेजी से वायरल हो रहे हैं।

क्रिकेट अकादमी ताजपुर की ओर से खेली 103 रनों की पारी
एक लोकल प्रैक्टिस मैच में क्रिकेट अकादमी ताजपुर की तरफ से खेलते हुए दाएं हाथ के बल्लेबाज आशीर्वाद सूर्यवंशी ने मैदान के चारों तरफ चौके-छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने सिर्फ 87 गेंदों का सामना करते हुए 103 रनों की बेहतरीन पारी खेली। आशीर्वाद की इस शानदार शतकीय पारी में 20 खूबसूरत चौके और 1 गगनचुंबी छक्का शामिल रहा। आशीर्वाद के इस पहले शतक का वीडियो और मैच का स्कोरकार्ड उनके सबसे बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर कर खुशी जताई है।
तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं आशीर्वाद पिता ने मांगा फैंस का प्यार
आपको बता दें कि वैभव सूर्यवंशी तीन भाइयों में मंझले हैं। उनके बड़े भाई का नाम उज्ज्वल सूर्यवंशी है, जबकि सबसे छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी हैं। आशीर्वाद के इस शानदार प्रदर्शन पर उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट लिखी है। उन्होंने कहा कि उनके छोटे बेटे आशीर्वाद सूर्यवंशी ने प्रैक्टिस मैच में अपना पहला शतक बनाया है और वे चाहते हैं कि क्रिकेट प्रेमी आशीर्वाद पर भी अपना प्यार और सपोर्ट इसी तरह बनाए रखें। मां आरती सूर्यवंशी और पिता संजीव अपने दोनों बेटों के क्रिकेट करियर को संवारने में दिन-रात जुटे हुए हैं।
दो साल के भीतर भाई की तरह तैयार करने का है लक्ष्य
आशीर्वाद की इस प्रतिभा को लेकर उनके पिता संजीव सूर्यवंशी पहले ही बड़ा बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि वे आशीर्वाद की क्रिकेट ट्रेनिंग पर पूरा ध्यान दे रहे हैं और आने वाले दो साल के भीतर उन्हें भी अपने बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी की तरह एक बेहतरीन और परिपक्व क्रिकेटर बनाना चाहते हैं। 10 साल की उम्र में आशीर्वाद के इस खेल को देखकर खेल प्रेमियों का मानना है कि समस्तीपुर के इस परिवार से देश को एक और बड़ा खिलाड़ी मिलने वाला है।
कीवर्ड्स: Vaibhav Suryavanshi Brother, Aashirwad Suryavanshi Century, Samastipur Cricket News, Tajpur Cricket Academy, Sanjeev Suryavanshi Post, Bihar Cricket Talent 2026.