रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 7 जून 2026 की रात शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए 52 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार पुलिस कमिश्नर और प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के निर्देश पर एसीपी ट्रैफिक सतीष ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर एक साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की गई।

ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच के दौरान 52 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इनमें 34 कार चालक, 11 मोटरसाइकिल चालक, 4 ट्रक चालक, 2 टाटा एस चालक और 1 पिकअप वाहन चालक शामिल हैं। सभी के चालान बनाए गए हैं और प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
यातायात पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसी प्रकार का लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना खुद की और दूसरों की जान को खतरे में डालता है।
आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक 3365 वाहन चालकों के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। यह आंकड़ा बताता है कि सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। पुलिस ने साफ कहा है कि शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।