Chhattisgarh Weather Update: 4 दिन में मानसून की दस्तक, 12 जून के बाद बढ़ेगी बारिश; रायपुर में 42.2°C ने बढ़ाई परेशानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार अभी जारी है। प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर हुई है, लेकिन रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर और आसपास के जिलों में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। दिन में तेज धूप और रात में गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने 12 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है।

रायपुर रहा सबसे गर्म, 42.2 डिग्री पहुंचा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान राजधानी रायपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।

कुछ इलाकों में हुई बारिश

प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां देखने को मिलीं। कुसमी में 7 सेंटीमीटर, कापू में 3 सेंटीमीटर जबकि बलरामपुर, कांसाबेल और पोड़ी उपरोड़ा में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे स्थानीय स्तर पर लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

छत्तीसगढ़ में जल्द पहुंचेगा मानसून

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में पहुंच चुका है। अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए अगले तीन से चार दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है।

12 जून के बाद बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और अंधड़ चलने की भी संभावना है। फिलहाल तापमान में बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं, लेकिन 12 जून के बाद बारिश का दायरा बढ़ सकता है।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में सुबह से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। दिन के दौरान बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रमुख शहरों का तापमान

बालोद – 41.7°C
बेमेतरा – 41.5°C
कवर्धा – 41.5°C
दुर्ग – 41.2°C
बिलासपुर – 41.0°C
राजनांदगांव – 40.9°C
जगदलपुर – 38.4°C
अंबिकापुर – 36.6°C

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है। हालांकि मानसून की एंट्री के साथ लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *