एक भारत श्रेष्ठ भारत : गुजरात पुलिस ने किया राजनांदगांव रेंज का भ्रमण

राजनांदगांव। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत गुजरात से आई 15 सदस्यीय पुलिस टीम ने 17 मई 2026 से 6 जून 2026 तक छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेंज का विस्तृत भ्रमण किया। इस वर्ष 2026 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के राजनांदगांव रेंज को गुजरात पुलिस कर्मियों के भ्रमण के लिए विशेष रूप से चुना गया है। ज्ञात हो कि इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत गुजरात राज्य को छत्तीसगढ़ राज्य के साथ एक जोड़ी (पेयर) राज्य के रूप में तय किया गया है। इसके तहत दोनों राज्यों के पुलिस कर्मी एक-दूसरे के राज्यों की कार्यप्रणाली, पुलिस कार्रवाई का अवलोकन कर रहे हैं और संस्कृति का आदान-प्रदान कर सीख रहे हैं। इसी कड़ी में राजनांदगांव रेंज से भी पुलिस बल के 15 सदस्यों का एक दल गुजरात राज्य के विभिन्न शहरों और जिलों के भ्रमण पर भेजा गया है।

भ्रमण के दौरान गुजरात पुलिस के दल ने राजनांदगांव जिले में विभिन्न शासकीय इकाइयों और सांस्कृतिक स्थलों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दल ने (1) थाना आजाक/महिला प्रकोष्ठ/आई.यू.सी.ए.डब्ल्यू इकाई संबंधी कार्य, (2) नगर सेना कार्यालय और जिला जेल राजनांदगांव, (3) यातायात शाखा एवं सायबर इकाई, (4) पुरातत्व एवं सांस्कृतिक स्थलों, (5) जिला राजनांदगांव पुलिस के कार्यों, (6) थाना कार्य प्रणाली, (7) सांस्कृतिक धरोहरों, (8) पुलिस ट्रेनिंग सेंटर का भ्रमण किया। इसके साथ ही दल ने (9) जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के कार्यों और दर्शनीय स्थलों, (10) जिला कबीरधाम के कार्यों व दर्शनीय स्थलों, (11) जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के पुलिस कार्यों और (12) जिले के संचार कार्यों की जानकारी लेते हुए स्थानीय पर्यटन, धार्मिक व शैक्षणिक स्थलों का भी दौरा किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए दोनों राज्यों के बीच अनुभव और विशेषज्ञता साझा करना है।

दौरे के अंतिम दिन, 6 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से गुजरात पुलिस की टीम रूबरू हुई। इस अवसर पर राजनांदगांव पुलिस द्वारा गुजरात पुलिस के दल को स्मृति चिन्ह व भेंट देकर सम्मानित किया गया। समापन के अवसर पर गुजरात पुलिस के दल ने छत्तीसगढ़ राज्य के पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए हर संभव सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। दल के सदस्यों ने कहा कि वे यहां की लोककला व संस्कृति से परिचित होकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली बेहद सहज, सरल तथा मानवीयता से पूर्ण है। इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज एवं रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *