साइकिल के पहियों पर दौड़ा फिटनेस का संदेश

विश्व साइकिल दिवस पर कोरिया में निकली भव्य साइकिल रैली

ज़ुम्बा कार्यक्रम के माध्यम से दिया गया स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कोरिया, 07 जून 2026/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार तथा जिला प्रशासन कोरिया के मार्गदर्शन में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग कोरिया द्वारा रविवार को बैकुण्ठपुर में साइक्लिंग एवं ज़ुम्बा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘फिट इंडिया अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे, खेल विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी, पुलिस बल के जवान, स्थानीय खेल संघों के पदाधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ी, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

स्वस्थ शरीर, स्वस्थ समाज की आधारशिला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि साइक्लिंग और नियमित व्यायाम स्वस्थ जीवनशैली की नींव हैं। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक गतिविधियों की कमी अनेक स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे रही है। ऐसे में साइकिल चलाना, पैदल चलना और नियमित व्यायाम अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोरिया जिला अपनी प्राकृतिक सुंदरता और हरित परिवेश के लिए जाना जाता है तथा इस प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्वस्थ कोरिया और हरित भविष्य की ओर बढ़ते कदम
कलेक्टर ने कहा कि छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन केवल एक दिन तक सीमित न रहकर जनआंदोलन का स्वरूप लें। उन्होंने साइकिल उपयोग को बढ़ावा देने के लिए नीदरलैंड का उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
श्रीमती यादव ने पेट्रोल और डीजल पर बढ़ती निर्भरता को कम करने तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए समय-समय पर ‘नो व्हीकल डे’ जैसी पहलों को अपनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक छोटी दूरी के लिए साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत विकसित करें तो ईंधन की बचत के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य भी सुनिश्चित किया जा सकता है।

ज़ुम्बा से हुई शुरुआत, साइकिल रैली बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम की शुरुआत ऊर्जावान ज़ुम्बा सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात कुमार चौक से भव्य साइकिल रैली का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रंग-बिरंगी साइकिलों और उत्साह से लबरेज प्रतिभागियों का कारवां शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मिनी स्टेडियम बैकुण्ठपुर एवं महाविद्यालय परिसर तक पहुंचा तथा पुनः कुमार चौक में आकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव स्वयं साइकिल चलाकर रैली में शामिल हुईं और नागरिकों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

सड़क सुरक्षा और फिटनेस पर विशेष जोर
प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे ने युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए फिटनेस गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, अनुशासित जीवनशैली और जागरूक नागरिकता समाज के समग्र विकास की आधारशिला हैं।

‘स्वच्छ कोरिया-स्वस्थ कोरिया’ के नारों से गूंजा शहर
पूरी रैली के दौरान ‘स्वच्छ कोरिया-स्वस्थ कोरिया’ और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों की गूंज सुनाई दी। प्रतिभागियों ने साइक्लिंग के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और फिट इंडिया अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *