TTD घी घोटाला: मिलावटी घी सप्लाई मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 15 ठिकानों पर छापे

नई दिल्ली। तिरुमला तिरुपति देवास्थानम (TTD) को कथित तौर पर मिलावटी घी सप्लाई करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत देश के कई राज्यों में एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के बाद घी सप्लाई नेटवर्क और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ईडी ने अहिल्यानगर, बीकानेर, देहरादून, दिल्ली, डिंडीगुल, गुंटूर, मुंबई और रुड़की समेत 15 स्थानों पर छापे मारे। जांच एजेंसी का दावा है कि टीटीडी को मिलावटी घी की सप्लाई से अर्जित अवैध कमाई को अलग-अलग कंपनियों और संस्थाओं के माध्यम से संपत्तियों में निवेश किया गया था। इसका उद्देश्य धन के वास्तविक स्रोत को छिपाना था।

जांच के दौरान डिंडीगुल स्थित ए.आर. डेयरी फूड, अहिल्यानगर की मालगंगा मिल्क एंड एग्रो प्रोडक्ट्स और रुड़की स्थित भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी मिल्क के संयंत्रों की भी तलाशी ली गई। इसके अलावा कई कारोबारियों और संबंधित व्यक्तियों के आवासीय परिसरों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

ईडी के अनुसार छापेमारी के दौरान करीब 60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में फर्जी खरीद-बिक्री, शेल कंपनियों और जटिल कारोबारी नेटवर्क के जरिए धन को छिपाने के संकेत मिले हैं।

एजेंसी का दावा है कि मिलावटी घी सप्लाई से हुई कमाई से 45 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां बनाई गईं। इन संपत्तियों के दस्तावेजी प्रमाण भी जांच टीम को मिले हैं। अब ईडी ऐसी संपत्तियों की पहचान कर उन्हें अटैच और जब्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

TTD Ghee Scam से जुड़ा यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। जांच एजेंसियां सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन और संबंधित कंपनियों की भूमिका की गहन पड़ताल कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *