अभनपुर। गोबरा नवापारा नगर में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर बुधवार को सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। नगर के हरिहर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने पहुंचकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने पेयजल संकट, बिजली कटौती, पेंशन वितरण और अवैध कारोबार जैसे मुद्दों को उठाते हुए प्रशासन और सरकार का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शन में शामिल महिलाएं हाथों में तख्तियां और खाली मटकी लेकर आयोजन स्थल पहुंचीं। उन्होंने नगर में लगातार बनी हुई पानी की समस्या को लेकर विरोध जताया। इस दौरान महिलाओं ने खाली मटकी जमीन पर पटककर फोड़ दी, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि गोबरा नवापारा क्षेत्र में अवैध रेत और अन्य खनिजों का परिवहन खुलेआम जारी है। साथ ही अवैध शराब बिक्री पर भी प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। उनका कहना था कि गरीब और पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही है। किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो रही और लगातार बिजली कटौती से आम लोग परेशान हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार सुशासन का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा और जल्द समाधान की मांग की।
मौके पर पहुंचे अभनपुर एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने नागरिकों और कांग्रेस नेताओं की बात सुनी तथा संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और कार्यक्रम स्थल से लौट गए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल, बिजली और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का जल्द निराकरण होना चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।