रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक स्टील प्लांट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मंदिर हसौद इलाके में स्थित मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में ब्लास्ट के बाद आग भड़कने की सूचना है। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट में आग लगने की सूचना प्रशासन और फायर ब्रिगेड को मिली। शुरुआती जानकारी में ब्लास्ट के बाद आग फैलने की बात सामने आई है। देखते ही देखते आग ने प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद तेज धुआं उठने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन और फायर टीम मौके पर
मामले में तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है। फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही प्लांट में हुए नुकसान का आकलन भी किया जाएगा। फिलहाल किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच के बाद सामने आएगा कारण
प्रशासन का कहना है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और ब्लास्ट की वजह क्या रही, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने और किसी भी बड़े नुकसान को रोकने की है।
स्टील प्लांट में लगी इस भीषण आग ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और राहत-बचाव अभियान जारी है।