बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) में इन दिनों चल रही सेमेस्टर परीक्षाओं के बीच बड़ा विवाद सामने आया है। विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल के हैक होने की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद प्रश्नपत्र लीक और छात्रों के निजी डेटा के बाहर आने की चर्चाओं ने परिसर में हलचल बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय में यूजी और पीजी सहित कई विभागों की परीक्षाएं चल रही हैं। इसी दौरान कुछ छात्रों ने दावा किया कि परीक्षा से पहले उन्हें ऐसे प्रश्नपत्र मिले थे, जिनके कई सवाल बाद में परीक्षा में पूछे गए। इस दावे के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
रातों-रात बुलाई बैठक, जांच के आदेश
मामले की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने शुक्रवार रात आपात बैठक बुलाई। बैठक में पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की गई। इसके बाद जांच के लिए पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया गया। समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि फिलहाल प्रश्नपत्र लीक होने के कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। पोर्टल कब और कैसे प्रभावित हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
छात्रों के निजी डेटा को लेकर बढ़ी चिंता
समर्थ पोर्टल विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रबंधन, शैक्षणिक रिकॉर्ड और प्रशासनिक कार्यों का प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इस पर विद्यार्थियों की कई महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज रहती हैं।
यदि पोर्टल की सुरक्षा में सेंध लगी है तो हजारों छात्रों की व्यक्तिगत जानकारी प्रभावित हो सकती है। इसमें आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और शैक्षणिक दस्तावेज जैसी संवेदनशील सूचनाएं शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, कुछ लोगों ने परीक्षा और प्रशासनिक रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों के भी प्रभावित होने की आशंका जताई है। हालांकि विश्वविद्यालय ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल तकनीकी विशेषज्ञों और संबंधित एजेंसियों की मदद से पूरे मामले की जांच की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि छात्रों के हितों और डेटा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
अब सभी की नजर जांच समिति की रिपोर्ट पर है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि मामला केवल तकनीकी गड़बड़ी है या फिर वास्तव में डेटा और परीक्षा सुरक्षा से जुड़ी कोई बड़ी चूक हुई है।