रायपुर
राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां वार्ड के पार्षद पर अपने ही बचपन के दोस्त और वार्ड निवासी की हत्या कराने का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक मृतक 22 मई को पार्षद के बच्चे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने उसके घर गया था। खुशी के मौके पर दोनों ने साथ बैठकर शराब भी पी थी, लेकिन इसके बाद से युवक अचानक लापता हो गया।
परिजनों ने युवक के घर नहीं लौटने पर 22 मई को मंदिर हसौद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान करीब 6 दिन बाद 28 मई को पुलिस को युवक का शव महासमुंद में संदिग्ध हालत में मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस के अनुसार इस वारदात में पार्षद समेत 3 से 4 लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है।