रायपुर। भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। सेना भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। यह परीक्षा 1 जून से शुरू होकर 12 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो चरणों में होगी। पहला चरण 1 जून से 5 जून तक और दूसरा चरण 8 जून से 12 जून तक चलेगा।
सेना भर्ती कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक इस बार छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य के पांच प्रमुख शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और जगदलपुर शामिल हैं। इन शहरों में कुल 10 परीक्षा केंद्र तैयार किए गए हैं, जहां रोजाना तीन से चार शिफ्टों में परीक्षा आयोजित होगी।
भर्ती परीक्षा को लेकर युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में उम्मीदवार एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में जुटे हैं। सेना ने प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अभ्यर्थी Join Indian Army Official Website पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड में दिए गए दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ें। परीक्षा वाले दिन तय समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य रहेगा। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अभ्यर्थी 0771-2965212 और +91-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने साफ कहा है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। किसी भी प्रकार की सिफारिश या दलालों के झांसे में न आने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा कि इंडियन आर्मी में चयन केवल योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।