गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी अब बेहद तल्ख और निजी हमलों के स्तर पर पहुंच गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे और वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर दिए गए एक बयान पर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और सांसद रूपकुमारी चौधरी ने बैज के इस बयान को बेहद अमर्यादित, ओछा और घृणास्पद बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी उनके वैचारिक दीवालिएपन और महिला विरोधी सोच को उजागर करती है। भाजपा ने दीपक बैज से सार्वजनिक रूप से तुरंत माफी मांगने की मांग की है।
हनीमून शब्द के इस्तेमाल पर बवाल, मर्यादा लांघने का आरोप
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का इटली दौरा वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत का प्रतीक है। वहां सोशल मीडिया पर सहजता से बनी एक रील (मेलोनी-मेलोडी) को लेकर दीपक बैज द्वारा हनीमून जैसे आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी न केवल हमारे देश के प्रधानमंत्री के पद की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि एक विदेशी महिला राष्ट्रप्रमुख के सम्मान पर भी सीधा हमला है।
जब भी देश का मान बढ़ता है, कांग्रेस के पेट में दर्द होता है
भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई नीति और नेता नहीं बचा है। हताशा में डूबी कांग्रेस अब राजनीति के सबसे निचले स्तर पर उतर आई है।
जब-जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशी धरती पर देश का गौरव बढ़ाते हैं, तब-तब कांग्रेस के नेताओं के पेट में दर्द होने लगता है। छत्तीसगढ़ की पावन धरा हमेशा से महिलाओं के सम्मान और मर्यादित भाषा के लिए जानी जाती है, लेकिन बैज के इस अभद्र बयान ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है।
केंद्रीय नेतृत्व से सवाल: क्या बैज पर होगी कार्रवाई?
रूपकुमारी चौधरी ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व (Delhi Congress Leadership) को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे अपने प्रदेश अध्यक्ष की इस घटिया और स्तरहीन सोच का समर्थन करते हैं? अगर नहीं, तो दीपक बैज को तुरंत पद से हटाया जाना चाहिए और उन पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा ने साफ किया है कि छत्तीसगढ़ की जनता देश के प्रधानमंत्री और एक महिला नेता के खिलाफ ऐसी बदजुबानी को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।