Durg। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दुर्ग में आज बड़ा रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। यह प्लेसमेंट कैंप शिवाजी नगर स्थित छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में लगाया जाएगा। रोजगार मेले में 10वीं पास से लेकर इंजीनियरिंग और मेडिकल क्षेत्र के उम्मीदवार भी हिस्सा ले सकेंगे।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग के उपसंचालक विष्णु कुमार केडिया ने बताया कि अलग-अलग कंपनियों और संस्थानों की ओर से विभिन्न पदों के लिए रिक्तियां प्राप्त हुई हैं। इसमें 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, एएनएम, जीएनएम, नर्सिंग, एमबीबीएस, बीएएमएस और पैरामेडिकल कोर्स से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध रहेंगे।
रोजगार मेले में अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं भी शामिल हो सकेंगे। साथ ही पासआउट उम्मीदवारों को भी सीधे इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया में भाग लेने का मौका मिलेगा। जिला रोजगार कार्यालय ने कॉलेजों और प्रशिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को रोजगार मेले की जानकारी देने की अपील की है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस प्लेसमेंट कैंप का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। रोजगार मेले में कई कंपनियां मौके पर ही इंटरव्यू लेकर चयन कर सकती हैं। ऐसे में युवाओं के लिए यह सीधा रोजगार पाने का अच्छा अवसर माना जा रहा है।
अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा लेकर पहुंचने की सलाह दी गई है। रोजगार मेले से जुड़ी विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। जिला रोजगार कार्यालय ने कहा है कि युवा समय पर पहुंचकर पंजीयन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि इंटरव्यू में शामिल होने में किसी तरह की परेशानी न हो।