रायपुर को बड़ी सौगात: कचना ओवरब्रिज आज से शुरू, सीएम विष्णुदेव साय करेंगे लोकार्पण, जाम से मिलेगी मुक्ति

रायपुर न्यूज़ (Raipur Traffic Update): राजधानी रायपुर के लोगों के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। शहर के कचना रेलवे फाटक पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से अब हमेशा के लिए छुटकारा मिल जाएगा। आज यानी शुक्रवार शाम को कचना ओवरब्रिज (Kachna Overbridge) का भव्य लोकार्पण होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस नए ओवरब्रिज को जनता को समर्पित करेंगे। इस खास मौके पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

49 करोड़ की लागत, रेलवे की मंजूरी में हुई थोड़ी देरी

लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के मुताबिक, कचना ओवरब्रिज का निर्माण करीब 49 करोड़ रुपये (48.78 करोड़) की लागत से किया गया है। सरकार ने मार्च 2022 में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी, जिसके बाद सितंबर 2023 में इसका काम शुरू हुआ।

हालांकि, रेलवे पटरी के ऊपर गर्डर और स्लैब डालने के लिए रेलवे विभाग से ड्राइंग-डिजाइन की मंजूरी मिलने में थोड़ा वक्त लग गया। इसी वजह से पुल बनने में थोड़ा समय लगा, लेकिन अब यह पूरी तरह बनकर तैयार है।

कचना फाटक के रोज-रोज के जाम से मिलेगा छुटकारा

शंकरनगर-खम्हारडीह मार्ग पर हर दिन हजारों गाड़ियों की आवाजाही होती है। चूंकि यह रायपुर-वाल्टेयर रेललाइन है, इसलिए यहाँ से लगातार ट्रेनें गुजरती हैं। ट्रेनों के आने-जाने के चक्कर में दिनभर में कई बार कचना फाटक को बंद करना पड़ता था, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं। अब ओवरब्रिज शुरू होने से राहगीर बिना रुके सीधे निकल सकेंगे और उनका समय भी बचेगा।

शाम 5 से रात 8 बजे तक रूट डायवर्जन: जरा संभलकर निकलें

लोकार्पण समारोह के चलते आज शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक कचना-खम्हारडीह मुख्य मार्ग पर गाड़ियों की एंट्री बंद रहेगी। रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए रूट डायवर्जन प्लान (Route Diversion Plan Raipur) बनाया है:

  • अनुपम नगर से कचना जाने वाले: अनुपम नगर से श्रीराम नगर ओवरब्रिज, अशोक रतन और बीएसएनएल ऑफिस होते हुए कचना जा सकेंगे।
  • कचना से खम्हारडीह आने वाले: कचना रेलवे फाटक से पहले राइट टर्न लेकर बीएसएनएल ऑफिस, अशोका रतन और श्रीराम नगर ओवरब्रिज होकर निकलेंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि जाम से बचने के लिए शाम के समय इस रूट पर जाने से बचें या फिर बदले हुए रास्ते का इस्तेमाल करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *