बीजापुर:-हिरोली में एफ/85वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा नागरिक सहायता कार्यक्रम (सिविक एक्शन प्रोग्राम) एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और उन्हें दैनिक उपयोग की सामग्री के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्रदान किया गया।

यह आयोजन 20 मई 2026 को हिरोली स्थित सीआरपीएफ कैंप में कमांडेंट श्री सुनील कुमार राही के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप कमांडेंट श्री मोतीलाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वाति जायसवाल, सहायक कमांडेंट श्री काशीराव श्रीराम, श्री शुभम सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में हिरोली के पटेलपारा, सरपंचपारा, मरईपारा, गायतापारा और नुल्लीपारा के लगभग 160 ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान जरूरतमंद ग्रामीणों को कम्बल, साड़ी, लुंगी, चप्पल, स्टील की थाली एवं ग्लास, गैती, फावड़ा, पतिला, पानी का सिन्टेक्स और मच्छरदानियों का वितरण किया गया।
चिकित्सा शिविर में डॉ. स्वाति जायसवाल द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही ग्रामीणों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में सहायक कमांडेंट श्री काशीराव श्रीराम ने कमांडेंट श्री सुनील कुमार राही एवं 85वीं वाहिनी सीआरपीएफ की ओर से उपस्थित ग्रामीणों और जवानों का आभार व्यक्त किया।