रायपुर। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हालांकि पिछले कुछ मैचों में उनके बल्ले से बड़ी पारी नहीं निकली है, लेकिन छक्कों के मामले में उन्होंने बाकी बल्लेबाजों को काफी पीछे छोड़ दिया है।
वैभव ने इस सीजन 25 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जयपुर में शानदार शतक जड़ा था। उस पारी के बाद उम्मीद की जा रही थी कि वह लगातार बड़ी पारियां खेलेंगे, लेकिन अब तक वह दोबारा अर्धशतक तक भी नहीं पहुंच पाए हैं।
इसके बावजूद उनकी बल्लेबाजी का आक्रामक अंदाज बरकरार है। पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने 43 रन बनाए। वहीं गुजरात टाइटंस के खिलाफ 36 रन और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 46 रन की तेजतर्रार पारी खेली। हर मैच में उन्होंने तेजी से रन जरूर बनाए, लेकिन बड़ी पारी खेलने से चूक गए।
सिक्स लगाने के मामले में वैभव इस सीजन सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने अब तक 12 मैचों में 43 छक्के जड़ दिए हैं। यह इस सीजन किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा सिक्स हैं।
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा हैं। उन्होंने अब तक 37 छक्के लगाए हैं। मुंबई इंडियंस के रियान रिकल्टन भी 37 सिक्स के साथ बराबरी पर हैं। हालांकि वैभव उनसे काफी आगे निकल चुके हैं।
राजस्थान रॉयल्स की टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर बनी हुई है। टीम के अभी दो मुकाबले बाकी हैं। अगर राजस्थान टॉप-4 में जगह बनाने में सफल रहती है तो वैभव को और मैच खेलने का मौका मिलेगा। ऐसे में उनके सिक्स का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
फिलहाल फैंस की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या वैभव एक और बड़ी पारी खेलकर राजस्थान को प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रख पाएंगे या नहीं।