दिल्ली: वीआईपी कल्चर छोड़ मेट्रो में सफर करने पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता, ईंधन बचाने की मुहिम में उतरी पूरी सरकार

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली से आज एक बेहद दिलचस्प और सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज वीआईपी कल्चर को छोड़कर आम जनता की तरह मेट्रो में सफर करती नजर आईं। सचिवालय पहुंचने के लिए मुख्यमंत्री ने अपनी सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि मेट्रो की सवारी चुनी। मेट्रो सफर के दौरान का उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन बचाने की एक खास अपील की थी। प्रधानमंत्री की इस मुहिम का असर अब राजनेताओं और सरकारों के बीच साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने पहले ही अपने सुरक्षा काफिले को छोटा कर दिया है। इसी कड़ी में अब दिल्ली सरकार ने भी एक बड़ी पहल की है।

अफसर और कर्मचारी भी पहुंचे मेट्रो से (Delhi CM Rekha Gupta Metro Travel)

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस कदम के बाद दिल्ली सरकार के बाकी मंत्रियों और अधिकारियों ने भी ईंधन बचाने की इस मुहिम में अपनी भागीदारी दिखाई। सचिवालय आने वाले ज्यादातर बड़े अधिकारी और कर्मचारी आज अपनी गाड़ियों के बजाय मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर दफ्तर पहुंचे।

मंत्री प्रवेश वर्मा का बड़ा बयान (Delhi Minister Parvesh Verma Statement)

इस पूरे मामले पर दिल्ली सरकार के वरिष्ठ मंत्री प्रवेश वर्मा का एक बड़ा बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “आज केवल हम ही नहीं, बल्कि दिल्ली सरकार के सभी छोटे-बड़े अधिकारी और सचिवालय के कर्मचारी भी मेट्रो से दफ्तर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने देश से ईंधन बचाने की जो अपील की है, उसे अमलीजामा पहनाने की कोशिश सबसे पहले दिल्ली सरकार के लोग कर रहे हैं।”

स्थानीय लोगों का भी कहना है कि अगर नेता और बड़े अफसर इस तरह जमीन पर उतरकर मिसाल पेश करेंगे, तो आम जनता भी पर्यावरण और ईंधन बचत के प्रति जागरूक होगी। सचिवालय के बाहर आज सुबह से ही इस अनोखी पहल की चर्चा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *