Balod News Update: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में सीवरेज पाइपलाइन के विस्तार का काम चल रहा था, जो अचानक मातम में बदल गया। फुटबॉल ग्राउंड के पास खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

काम के दौरान अचानक काल बनी मिट्टी
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के ठीक सामने हुआ। यहाँ बीएसपी (BSP) की सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम जोर-शोर से चल रहा था। जेसीबी और चेन माउंट मशीनों के जरिए गहरी खुदाई की जा रही थी। मजदूर नीचे नाली में काम कर रहे थे, तभी ऊपर से मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर गिर गया। मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे गहरे मलबे के नीचे दब गए।
लापरवाही ने ली जान?
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और बीएसपी के बड़े अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मलबे से जब तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया, तो उनकी सांसें थम चुकी थीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया, जिसकी वजह से यह बड़ी लापरवाही हुई और तीन घरों के चिराग बुझ गए।
सांसद ने लिया जायजा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग भी दल्लीराजहरा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है कि आखिर इतनी गहरी खुदाई के दौरान सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं थे।
इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में मजदूरों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।