रमेश गुप्ता रायपुर। इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल कर उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने वाले युवक को पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां ने थाना पुरानी बस्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क कर आरोपी ने भरोसा जीतते हुए उसकी निजी तस्वीरें हासिल कर लीं। इसके बाद उन्हीं तस्वीरों को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान कबीर नगर निवासी सोहेब सिद्दीकी (21) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, नाबालिग से निजी तस्वीरें लेकर करता था ब्लैकमेल

27
Jun