प्रेस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से मजबूत होगा जनविश्वास : कलेक्टर अभिजीत सिंह

25 लाख की आबादी, दो हजार से कुछ अधिक पुलिस बल… ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती : एसएसपी विजय अग्रवाल

रमेश गुप्ता भिलाई। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा शनिवार को सुपेला स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने पत्रकारों से खुलकर संवाद किया। दोनों अधिकारियों ने जिले के प्रशासनिक और पुलिसिंग से जुड़े अनुभव साझा करते हुए विकास, कानून व्यवस्था और प्रशासन–मीडिया के समन्वय पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर सवाल पूछे, जिनका दोनों अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। पूरा आयोजन प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद का प्रभावी मंच बनकर उभरा।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर के अध्यक्ष अनिल गुप्ता एवं महासचिव दिलीप शर्मा ने कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया।

स्वागत भाषण में अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने प्रेस क्लब की गतिविधियों की जानकारी देते हुए क्लब के विकास एवं संधारण के लिए जिला प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई। वहीं महासचिव दिलीप शर्मा ने पत्रकार कल्याण योजनाओं, सामाजिक सरोकारों, रचनात्मक गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।


दुर्ग जिले की पुलिसिंग सबसे बड़ी जिम्मेदारी : विजय अग्रवाल

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि दुर्ग जिले की भौगोलिक और सामाजिक संरचना पुलिसिंग को बेहद चुनौतीपूर्ण बनाती है। उन्होंने बताया कि जिले का एक हिस्सा आधुनिक भिलाई टाउनशिप है, दूसरा पटरी पार का घनी आबादी वाला क्षेत्र, तीसरा दुर्ग शहर और इसके अलावा विशाल ग्रामीण इलाका भी पुलिस की जिम्मेदारी में शामिल है।


उन्होंने कहा कि करीब 25 लाख की आबादी वाले जिले की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दो हजार से कुछ अधिक पुलिसकर्मियों के कंधों पर है। सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है। इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल के कुछ अनुभव भी साझा किए और कहा कि जनता का सहयोग पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।


लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण : अभिजीत सिंह
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पत्रकारों को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद से जनहित के कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी समाज के सामने लाते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन के बाद उन्होंने केंद्र सरकार के अधीन भी कार्य किया। दुर्ग जिले में कलेक्टर के रूप में कार्य करना उनके लिए सुखद अनुभव रहा है। उन्होंने कहा कि जिले की भौगोलिक विविधता और अलग-अलग क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन टीमवर्क और जनसहभागिता से हर चुनौती का समाधान संभव है।


पत्रकारों ने पूछे सवाल, अधिकारियों ने दिए बेबाक जवाब
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने जिले की कानून व्यवस्था, विकास कार्यों, प्रशासनिक चुनौतियों और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल रखे। कलेक्टर और एसएसपी ने प्रत्येक प्रश्न का स्पष्ट एवं तथ्यात्मक जवाब देते हुए प्रशासन की प्राथमिकताओं और कार्यशैली से पत्रकारों को अवगत कराया।


स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान
कार्यक्रम के समापन पर न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर की ओर से कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं एसएसपी विजय अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील चौहान, उपाध्यक्ष जय प्रकाश आर्य, रघुनंदन पंडा, सचिव गौकरण निषाद, जोगिंदर सिंह, कार्यालय सचिव मोहन राव, सह सचिव भोपाल देवांगन, कार्यकारिणी सदस्य सर्वेश सिंह, पी. मोहन, सोनू यादव, योगेश वर्मा, सुरेंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं क्लब सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *