Iran-US Crisis News: खाड़ी देशों में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ईरान ने अब अमेरिका और इजरायल को सीधी चेतावनी दे दी है। ईरानी संसद के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने मंगलवार को कहा कि अगर उनके देश पर फिर से हमला हुआ, तो ईरान यूरेनियम को 90% तक शुद्ध (Enrich) करने से पीछे नहीं हटेगा। आपको बता दें कि 90% शुद्ध यूरेनियम का इस्तेमाल परमाणु हथियार बनाने में किया जाता है।

संसद में शुरू होगी समीक्षा
इब्राहिम रेजाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि इस गंभीर कदम पर ईरानी संसद में विचार किया जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब मिडिल ईस्ट में पहले से ही बारूद भरा हुआ है। ईरान के इस तेवर से साफ है कि वह किसी भी दबाव के आगे झुकने को तैयार नहीं है।
क्या खोखले थे ट्रंप के दावे?
बीते जून में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि 12 दिनों के युद्ध में अमेरिका और इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों को पूरी तरह खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा था कि अब ईरान के पास यूरेनियम संवर्धन की ताकत नहीं बची। लेकिन अब ईरान के ताजा बयान ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि ईरान के पास मौजूद 60% शुद्ध यूरेनियम का जो 400 किलो का भंडार था, वह आखिर गया कहां?
सीजफायर के बाद भी तकरार बरकरार
बीती 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़ा हमला किया था। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच अस्थायी सीजफायर यानी युद्धविराम चल रहा है। लेकिन शांति की उम्मीदें धुंधली हैं। अमेरिका की मांग है कि ईरान अपना सारा यूरेनियम देश से बाहर भेज दे। वहीं ईरान का कहना है कि परमाणु मुद्दे पर वह अपनी शर्तों पर ही बात करेगा।
“अमेरिका को माननी होगी बात”
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने दो टूक कहा है कि अमेरिका को ईरान के ’14 सूत्रीय प्रस्ताव’ को स्वीकार करना ही होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जितनी देरी होगी, अमेरिकी जनता को उतनी ही भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। गालिबाफ के मुताबिक, ईरान की सेना हर हमले का ऐसा जवाब देने के लिए तैयार है, जिससे वाशिंगटन हैरान रह जाएगा।