सक्ती में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 20 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया एएसआई

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो ने चंद्रपुर थाना में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) एस एन मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी एक मारपीट के मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के बदले प्रार्थी से रिश्वत ले रहा था।

ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने इस संबंध में एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी एएसआई ने मामले को रफा-दफा करने के लिए कुल 40 हजार रुपये की मांग की थी। इसमें से 20 हजार रुपये की पहली किश्त आरोपी पहले ही ले चुका था। शनिवार को जब प्रार्थी बाकी के 20 हजार रुपये देने चंद्रपुर स्थित एक ढाबे पर पहुंचा, तब एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया।

एसीबी ने रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के विरुद्ध पहले भी रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *