रायगढ़ में ओडिशा के तीन गांजा तस्कर गिरफ्तार: एमपी खपाने की थी तैयारी, स्टेशन के पास पुलिस ने दबोचा

रायगढ़

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। ये तस्कर ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर मध्य प्रदेश के खुरई जा रहे थे। पुलिस ने इनके पास से करीब पौने दो लाख रुपए का गांजा और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

कोतवाली थाना क्षेत्र की पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के सामने शिव मंदिर के पास कुछ संदिग्ध लोग बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना, साइबर सेल और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की और मौके से एक महिला और दो युवकों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिद्धांत गोंडा, कश्यप साहनी और चंद्रिका साहनी के रूप में हुई है। ये सभी ओडिशा के कंधमाल जिले के निवासी हैं। पुलिस ने जब उनके बैग और ट्रॉली की तलाशी ली, तो कुल 17.77 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बाजार में इस मादक पदार्थ की कीमत लगभग 1.76 लाख रुपए आंकी गई है।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को ओडिशा से ट्रेन के जरिए रायगढ़ लेकर आए थे और यहां से मध्य प्रदेश जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। पुलिस को आरोपियों के पास से परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, जिले में ऑपरेशन आघात चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है ताकि बाहरी राज्यों से होने वाली तस्करी को रोका जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *