तखतपुर के सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसडीएम नितिन तिवारी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में एसडीएम कार्यालय, तहसील, जनपद पंचायत और नगर पालिका के कुल 35 अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। बिना किसी सूचना के गायब पाए गए इन सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी और बायोमैट्रिक रिकॉर्ड में भी भारी अनियमितताएं पाई गईं। बायोमैट्रिक सिस्टम लागू होने के बावजूद कर्मचारियों की मनमानी कार्यप्रणाली पर एसडीएम ने सख्त नाराजगी जताई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं देने पर संबंधितों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस औचक कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। सरकार की मंशा के अनुरूप दफ्तरों में कार्य संस्कृति सुधारने और जवाबदेही तय करने के लिए यह बड़ी कार्रवाई की गई है।