रमेश गुप्ता : रायपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे संवेदनशील और नक्सल प्रभावित इलाके बस्तर रेंज की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया गया है. राज्य सरकार ने 2004 बैच के सीनियर आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण (बीएन) मीणा को बस्तर रेंज (जगदलपुर) का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है. इस संबंध में गृह विभाग की ओर से बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है.
यह प्रशासनिक बदलाव बस्तर के मौजूदा आईजी पी. सुंदरराज के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के कारण हुआ है. केंद्र सरकार ने पी. सुंदरराज को दिल्ली में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का आईजी बनाया है, जहां वे जल्द ही अपनी नई सेवाएं शुरू करेंगे.
मुख्यालय से सीधे नक्सल मोर्चे पर संभालेंगे मोर्चा आईपीएस बीएन मीणा वर्तमान में नया रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में आईजी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे. राज्य के कठिन और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में काम करने के उनके पुराने अनुभव को देखते हुए ही सरकार ने उन्हें बस्तर जैसी महत्वपूर्ण रेंज की कमान सौंपी है. बस्तर में आईजी का काम सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालना नहीं, बल्कि स्थानीय पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और विभिन्न जांच एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाना भी होता है.
अगले वर्ष एडीजी पद पर प्रमोशन की कतार में 2004 बैच के अधिकारी होने के नाते बीएन मीणा की वरिष्ठता को देखते हुए अगले साल उनका अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पद पर प्रमोशन होने की पूरी संभावना है. करियर के इस पड़ाव पर बस्तर के सुरक्षा अभियानों का नेतृत्व करना उनके प्रशासनिक सफर के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.
रणनीतिक मोड़ पर हो रहा है नेतृत्व परिवर्तन यह फेरबदल ऐसे समय में हो रहा है जब बस्तर में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान बेहद निर्णायक दौर में है. पिछले कुछ समय में सुरक्षा बलों ने कई बड़े नक्सलियों को ढेर किया है और बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया है. सरकार की रणनीति है कि अंदरूनी इलाकों में नक्सल विरोधी अभियानों की रफ्तार कम न हो और साथ ही विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा सके. ऐसे में बीएन मीणा के कंधों पर बस्तर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.
