कोरबा.
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक रिहायशी मकान में अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर स्थित लोचन सोनी के मकान में शॉर्ट सर्किट की वजह से भड़की आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से घर के आंगन में खड़ी एक ऑटो और दुपहिया वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर ही मौजूद थे जिन्होंने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचाई।

दमकल विभाग की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
आगजनी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि आग बुझाने में थोड़ी भी देरी होती तो घनी बस्ती होने के कारण आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ सकते थे। पीड़ित लोचन सोनी घर के पास ही साइकिल दुकान चलाते हैं और ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस हादसे में उनके वाहन जलने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।