बलौदा बाजार के जिला शिक्षा अधिकारी डा संजय गुहे अपनी 40 वर्षों की शिक्षा के क्षेत्र में सेवा अवधि पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने उनका शाल श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया। वहीं शिक्षा विभाग की तरफ से जिले के शिक्षा धिकारियों द्वारा भी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें डा संजय गुहे द्वारा किए गए कार्यों को याद किया गया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र टंडन ने उनके कार्यों एवं उनके हंसमुख स्वभाव को याद करते हुए बताया कि जब भी कोई काम लेकर जाते थे हमारे मन में काम को लेकर तनाव रहता था पर सर के पास जाते ही सारा तनाव खत्म हो जाता है और वह कठिन काम को भी बड़ी आसानी से हल कर दिये थे।

पलारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी वर्मा ने कहा कि सर के केबिन में जाते ही उनका हंसमुख चेहरा हमें तनाव से मुक्त कर देता था। उनके द्वारा कार्यों को किस तरह से किया जाये यह बहुत ही अच्छे से समझाया गया जो कि हमारे आनेवाले समय में हमें सहायता प्रदान करेगा।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी डा संजय गुहे ने कहा कि किसी भी कार्य को भारी मन से या बोझ समझकर नहीं करना चाहिए। बल्कि काम मिलते ही कहना चाहिए हो जायेगा। कारण जब भी काम को पूजा समझकर करोगे काम आसान हो जाता है।

जीवन में चुनौतियां बहुत है पर उसे आसान हमें बनाना पड़ता है। आज 40वर्षो की सेवा अवधि पूर्ण किया आप सभी लोगों का अपार सहयोग मिला मुझे मेरे परिवार का भी सहयोग मिला इसके लिए सभी को धन्यवाद। इस अवसर पर जिले के शिक्षक, अधिकारी, प्राचार्य सहित सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी के परिजन उपस्थित थे।