रायगढ़ में ममता शर्मसार: ढाई साल के मासूम की पत्थर से कूचकर हत्या, कातिल मां ने रची थी अपहरण की झूठी कहानी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी महिला ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए बच्चे के लापता होने और अपहरण की मनगढ़ंत कहानी सुनाई थी लेकिन कड़ाई से की गई पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के सामने उसकी साजिश टिक नहीं सकी। पुलिस जांच में यह खौफनाक खुलासा हुआ कि महिला ने मासूम पर पत्थर से घातक हमला कर उसकी जान ली और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पास के जंगल की एक गहरी खाई में फेंक दिया था।

जंगल की खाई से मिला मासूम का शव,

पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर जंगल से बच्चे का शव बरामद कर लिया है जहां मौके पर संघर्ष के निशान और वारदात में इस्तेमाल किया गया भारी पत्थर भी मिला है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जांच के दौरान महिला के बयानों में लगातार विरोधाभास मिल रहे थे जिससे पुलिस का शक गहराया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से इस जघन्य कांड का पर्दाफाश किया गया। रायगढ़ पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और पुलिस विभाग ने इसे जघन्य अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एक बड़ी सफलता बताया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *