यूपी में प्रशासनिक सर्जरी: 15 जिलों के डीएम बदले, विवादों में रहे अफसरों की छुट्टी

त्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ी हलचल हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की देर रात शासन व्यवस्था में भारी फेरबदल करते हुए 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए हैं। इस बड़ी सूची में 15 जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए गए हैं और 12 महिला अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सरकार ने यह कदम आगामी विधानसभा चुनाव की आचार संहिता और अधिकारियों के एक ही जिले में लंबे कार्यकाल को देखते हुए उठाया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से अनबन की खबरों के बीच परिवहन आयुक्त किंजल सिंह को हटाकर माध्यमिक शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है जबकि आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है। स्मार्ट मीटर विवाद के कारण चर्चा में रहे यूपी पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार को पद से हटा दिया गया है और वे अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार से एमएसएमई और निर्यात प्रोत्साहन विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है।

जिलाधिकारियों की नई तैनाती में सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा की कमान दी गई है। मनीष बंसल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दामाद हैं। वहीं लखीमपुर खीरी की डीएम दुर्गाशक्ति नागपाल को पदोन्नति देते हुए देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। आगरा के निवर्तमान डीएम अरविंद मल्लपा बांगरी अब मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। बुलंदशहर की डीएम श्रुति को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम का एमडी और झांसी के डीएम मृदुल चौधरी को पर्यटन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।

जिलों की कमान संभालने वालों में गौरांग राठी को झांसी, कुमार हर्ष को बुलंदशहर, अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर और निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर का डीएम बनाया गया है। इसी तरह घनश्याम मीना अब उन्नाव, अंजनी कुमार सिंह लखीमपुर खीरी और इंद्रमणि त्रिपाठी मैनपुरी के जिलाधिकारी होंगे। जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है उनमें से कई एक ही जिले में दो से तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके थे। दुर्गाशक्ति नागपाल की पदोन्नति काफी समय से लंबित थी जो अब प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावी कर दी गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *