पीथमपुर । औद्योगिक नगर पीथमपुर के सेक्टर एक में स्थित दवा निर्माता कंपनी सिन्काम फार्मूलेशन के बाहर आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब सैकड़ों महिला श्रमिक अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आईं। दरअसल इन महिलाओं का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन और ठेकेदार मिलकर उनका आर्थिक शोषण कर रहे हैं और उन्हें मध्यप्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
न्यूनतम वेतन की मांग और उग्र आंदोलन की चेतावनी से गरमाया औद्योगिक क्षेत्र
मैदानी सूत्रों ने बताया कि इन महिला श्रमिकों को वर्तमान में 8 घंटे काम करने के बदले मात्र 225 रुपए की दिहाड़ी दी जा रही है जबकि ओवर टाइम के लिए केवल 25 रुपए प्रति घंटा भुगतान होता है। महिलाओं ने साफ तौर पर कहा है कि उन्हें पीएफ और ईएसआईसी जैसी अनिवार्य मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि उन्हें सरकार द्वारा तय किए गए न्यूनतम वेतनमान के अनुसार भुगतान किया जाए अन्यथा वे आने वाले दिनों में और अधिक उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास कर रही है लेकिन श्रमिक अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।