बिलासपुर के तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में एक पीड़ित युवक के अनोखे प्रदर्शन ने पूरे सरकारी महकमे में हड़कंप मचा दिया है। करीब एक साल से नामांतरण के लिए भटक रहे तरुण साहू ने अधिकारियों की टालमटोल से परेशान होकर उप संपदा अधिकारी की टेबल पर बादाम बिखेर दिए। युवक ने तंज कसते हुए कहा कि वह ये बादाम अफसरों की याददाश्त तेज करने के लिए लाया है ताकि विभाग को उसकी गुम हुई फाइल याद आ सके। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग को झुकना पड़ा और मामले में तत्काल कड़ा एक्शन लिया गया।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने इस घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी संपदा अधिकारी एलपी बंजारे और वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे को पद से हटा दिया है। दोनों अधिकारियों को आगामी आदेश तक नवा रायपुर स्थित मुख्यालय में संलग्न कर दिया गया है। पीड़ित युवक ने एक साल पहले ईडब्ल्यूएस फ्लैट खरीदा था, लेकिन विभाग लगातार फाइल गुम होने का बहाना बनाकर उसे चक्कर कटवा रहा था। इस घटना ने सरकारी दफ्तरों में लंबित फाइलों और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस अनोखे विरोध और उसके बाद हुई कार्रवाई की चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है।
