रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा परिषदों को एक ही परिसर में संचालित करने का फैसला लागू कर दिया है। इसके तहत नवा रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के महर्षि संस्थान भवन में कक्ष आवंटन आदेश जारी कर दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल, आयुष काउंसिल, नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल, स्टेट फार्मेसी काउंसिल, डेंटल काउंसिल और एलाइड हेल्थ काउंसिल को भूतल पर अलग-अलग कक्ष दिए गए हैं। सभी काउंसिल्स के रजिस्ट्रार और कार्यालय के लिए तय स्थान और क्षेत्रफल निर्धारित कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि सभी परिषदें जल्द से जल्द नए परिसर में शिफ्ट हों। साथ ही ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस हॉल और लाइब्रेरी का उपयोग सभी काउंसिल्स साझा रूप से करेंगे। किसी भी बदलाव के लिए शासन की पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी।
यह निर्णय 7 अप्रैल को हुई बैठक में लिया गया था, जिसे अब तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
