श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विजयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गैस गोदाम के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 अन्य लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग वीरपुर के घूघस गांव से विजयपुर के झारबडौदा गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में भात देने जा रहे थे। इसी दौरान वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय राहगीरों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। विजयपुर एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में चार लोगों की जान गई है और 24 लोग घायल हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार गुर्जर समाज से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।