देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप, उत्तर भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है, जहां दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के क्षेत्रों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों सहित पंजाब और हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी का अनुमान है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की है। इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बादल छाने और छिटपुट बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

पूर्वोत्तर भारत में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की उम्मीद है। अरुणाचल प्रदेश में 15, 18 और 19 अप्रैल को भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है। असम और मेघालय में 17 और 18 अप्रैल को, जबकि नगालैंड में 18 अप्रैल को गरज-चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है। मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

पश्चिम बंगाल से महाराष्ट्र तक मौसम का हाल

पूर्वी भारत की बात करें तो पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 15 से 19 अप्रैल के बीच बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में भी 15 से 20 अप्रैल के दौरान तेज हवाओं और बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में 16 अप्रैल को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अतिरिक्त, मध्य महाराष्ट्र में 18 से 21 अप्रैल के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *