रायपुर। छत्तीसगढ़ का मध्य हिस्सा भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे के भीतर राज्य के कई इलाकों में लू (हिट वेव) चलने की संभावना जताई है। मंगलवार को राजधानी रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में पारा ऊपर चढ़ा है। राज्य के मध्य हिस्से में औसत तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री अधिक बना हुआ है। अनुमान है कि अगले चौबीस घंटों में कुछ विशेष क्षेत्रों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। हालांकि, बस्तर और सरगुजा संभाग में फिलहाल गर्मी का असर कम है और वहां महीने के अंतिम दिनों में तापमान बढ़ने की उम्मीद है।
मौसम प्रणालियों का प्रभाव
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण असम से लेकर तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो छत्तीसगढ़ और उड़ीसा से होकर गुजर रही है। साथ ही महाराष्ट्र और कर्नाटक के ऊपर एक प्रति चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। इन प्रणालियों के कारण 15 अप्रैल को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। गर्म हवाओं के निरंतर आगमन से अधिकतम तापमान में और वृद्धि होने की पूरी संभावना है।
राजधानी रायपुर में मौसम का हाल
रायपुर में आज 15 अप्रैल को आसमान साफ रहने का अनुमान है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। राज्य में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने नागरिकों को बढ़ती गर्मी और धूप से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
