नई दिल्ली। दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक फरियादी ने कोर्ट की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। राहत की बात यह रही कि वहां मौजूद वकीलों ने तत्परता दिखाते हुए व्यक्ति को समय रहते पकड़ लिया और उसे सुरक्षित ऊपर खींच लिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें वकील व्यक्ति की जान बचाते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति पिछले 10 वर्षों से एक कानूनी मामले में फैसले का इंतजार कर रहा था। लंबी अदालती प्रक्रिया और सुनवाई में हो रही देरी के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान था। इसी तनाव के चलते उसने कोर्ट परिसर की कैंटीन के पास स्थित रेलिंग से कूदने का आत्मघाती कदम उठाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास ही खड़े वकीलों ने जैसे ही उसे कूदते देखा, उन्होंने तुरंत उसे जकड़ लिया और गिरने से रोक लिया।
एडवोकेट वीरेंद्र कसाना ने बताया कि कोर्ट में आने वाले फरियादी अक्सर मानसिक दबाव में रहते हैं। उन्होंने वकीलों द्वारा दिखाई गई सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि साथियों ने समय पर हस्तक्षेप कर एक बड़ा हादसा टाल दिया। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा और फरियादियों की काउंसलिंग को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
जानकारों का मानना है कि अदालतों में परेशान लोगों के लिए परामर्श केंद्र होने चाहिए ताकि उन्हें उचित मानसिक सहयोग मिल सके। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परिसर में सुरक्षात्मक रेलिंग लगाने की आवश्यकता भी जताई जा रही है। फिलहाल व्यक्ति सुरक्षित है और मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दी गई है।
